लखनऊ से दिल्ली वाया कानपुर चलने वाली तेजस एक्सप्रेस शुक्रवार से लगातार चार दिन चलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 15 फरवरी तक सप्ताह में तीन दिन (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) ही चला करेगी। अभी मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चल रही थी। कोरोना संक्रमण बढ़ने और यात्रियों की संख्या में आ रही गिरावट की वजह से आईआरसीटीसी ने यह फैसला लिया है। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा ने रेलवे को पत्र लिखकर यह जानकारी दे दी है।
सीटें न भरने और कोरोना संक्रमण बढ़ने के मद्देनजर लिया गया फैसला
आईआरसीटीसी की प्रस्तावित भारत दर्शन यात्रा ट्रेन 21 जनवरी से 30 जनवरी चलनी थी, जिसे स्थगित कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से यह निर्णय लिया गया है। जिन लोगों ने इसमें बुकिंग करा ली है, वह रिफंड ले सकते हैं। अभी आगे इस ट्रेन को चलाना है लेकिन तारीख निर्धारित नहीं की गई है। इसलिए बाद में भी यात्रा के लिए समायोजन हो सकता है।
इस टूर पैकेज के तहत अयोध्या, वाराणसी, जसीडीह, गया, गंगासागर ,जगन्नाथपुरी, कोणार्क विष्णुपद मंदिर के दर्शन कराए जाने थे। नौ रातों और 10 दिनों के पैकेज का प्रति व्यक्ति मूल्य 9450 रुपये तय किया गया था। कानपुर के लिए मोबाइल नंबर 8287930934/ 8287930932 पर जानकारी की जा सकती है। यह जानकारी आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर फिलहाल इस ट्रेन को स्थगित कर दिया गया है।