शिवानी की मां सुनीता तिवारी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को स्कूल में परेशान किया जा रहा था। छात्रा को छावनी चिकित्सालय ले गए। वहां पर इलाज की सुविधा न होने पर ग्वालटोली स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया गया। उसके दोनों पैरों और कमर में गंभीर चोट आई है। स्कूल प्रिंसिपल के मुताबिक छत जाने वाले चैनल को बंद कर दिया गया है। छात्रा ने पहली मंजिल से छलांग लगाई है।
छात्राओं ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
घटना के बाद कक्षा 10 की छात्राएं प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर इकट्ठा हो गईं। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि छात्राओं से शिक्षक ठीक से बात नहीं करते। वहीं, छात्रों के एक गुट ने कहा कि शिक्षक सभी का ख्याल रखते हैं।
एलआईयू ने स्कूल में की पूछताछ
सूचना पर एलआईयू की दो महिला अफसर स्कूल पहुंचीं। उन्होंने घटना से संबंधित जानकारी ली। इसके बाद रेलबाजार पुलिस को सूचना दी।
कोई तहरीर नहीं दी गई है। छात्रा के पैर और कमर में चोट की सूचना है। परिजनों के तहरीर देने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - प्रदीप कुमार सिंह, इंस्पेक्टर रेलबाजार
छात्रा ने किस परिस्थिति में यह कदम उठाया, उसकी जांच कराई जाएगी। परिवार वालों से भी पूछताछ की जाएगी। - लखन ओमर, कैंट बोर्ड