हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में बुधवार देर शाम नौबस्ता रैंप के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार सेल्स रिप्रेजेंटेटिव की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हैलट रेफर किया गया। वहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
नौबस्ता के लवकुश बिहार निवासी अनिल पांडेय (45) एक कंपनी में सेल्स रिप्रेजेंटेटिव थे। बुधवार को वह मार्केटिंग के सिलसिले में मूसानगर गए थे। देर शाम काम निपटाकर गजनेर के रास्ते बाइक से घर लौट रहे थे। नौबस्ता रैंप के पास पीछे से आया तेज रफ्तार वाहन उन्हें रौंदते हुए भाग निकला। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।