Kanpur News: सचेंडी दुष्कर्म कांड मामले में पीड़िता के भाई को व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज मिले हैं, जिसमें दरोगा को निर्दोष बताते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया गया है। पुलिस अब इन मैसेज भेजने वाले की तलाश में जुटी है।
कानपुर में सचेंडी सामूहिक दुष्कर्म कांड का मुख्य आरोपी दरोगा अमित मौर्य गिरफ्तारी के डर से बीते आठ दिनों से फरार है। एक तरफ जहां पुलिस की टीमें उसे ढूंढ पाने में नाकाम साबित हो रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ फरार दरोगा ने अब पीड़ित परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार को पीड़िता के भाई के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर न केवल धमकी दी गई, बल्कि दरोगा को शरीफ बताते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। पीड़िता के भाई को छोटू कुशवाहा नाम के प्रोफाइल से मैसेज भेजा गया है।
विज्ञापन
इसमें लिखा है कि दरोगा जी की नौकरी के साथ मत खेलो, वो गलत नहीं हैं। हम उनको जानते हैं, वो बहुत शरीफ हैं। इतना ही नहीं, मैसेज में यहां तक लिखा गया कि दरोगा की जमानत हो चुकी है और अब पीड़ित परिवार की सहायता सात जन्मों तक कोई नहीं करेगा। धमकी में चेतावनी दी गई है कि अगर वे नहीं माने, तो उनकी जिंदगी ऐसी कर दी जाएगी कि आंखों में आंसू तक नहीं बचेंगे। पुलिस का कहना है कि जिस नंबर से मैसेज आया है, उसे सर्विलांस पर ले लिया गया है और जल्द ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।