प्रदूषण की वजह से कानपुर की हवा तो खराब है ही, ऊपर से इसकी रोकथाम के जिम्मेदार विभागों के अफसरों का रवैया और भी ज्यादा खराब है। लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर संबंधित विभागों की ओर से कोई कदम न उठाए जाने पर मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने इसे संज्ञान लिया तो यह बात सामने आई।
वायु प्रदूषण की निगरानी और इसकी रोकथाम में लापरवाही पर मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी के सीईओ और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन से नाराजगी जताई। साथ ही क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अनिल माथुर और टेक महिंद्रा कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम न होते देख मंडलायुक्त ने शुक्रवार को जरीब चौकी और कोकाकोला चौराहे के पास स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए प्रदूषण मापक यंत्र देखे। इसके बाद स्मार्ट सिटी कार्यालय में बने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) में प्रदूषण पर निगरानी रखने का तौरतरीका देखा।