मौसम विभाग ने अनुमान जारी किया है कि बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब चक्रवात का असर 29 और 30 अक्तूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में रहेगा। कानपुर परिक्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जारी किया गया। विभाग का अनुमान है कि परिक्षेत्र में हल्की बारिश रहेगी। झोंकेदार हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है लेकिन बहुत अधिक तीव्रता नहीं रहेगी। चक्रवात के प्रभाव से माहौल में नमी बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग ने अवध और पूर्वांचल के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कानपुर, लखनऊ सहित आसपास के जिलों में घने बादलों के साथ बेमौसम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आएगी।