मैं अपनी मर्जी से जान दे रही हूं। मेरी मौत की जिम्मेदार मैं खुद हूं। सुसाइड नोट में यह बात लिखकर न्यू आजाद नगर स्थित कमला नेहरू पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य सरिता यादव ने (35) दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। बिधनू थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर गंगापुर कॉलोनी निवासी सरिता यादव कमला नेहरू पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या थीं।
वह पति विजय व 11 साल के बेटे शौर्य के साथ स्कूल के तीसरी मंजिल पर रहती थीं। पति ने बताया कि सरिता कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थीं। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। शनिवार सुबह उनका शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। फोरेंसिक टीम को उनके पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने पारिवारिक कलह के चलते जान देने की बात कही है।
ससुर भी हैं स्कूल संचालक
सरिता के ससुर राजकुमार यादव के दो स्कूल हैं। एक बिधनू और दूसरा बाबूपुरवा में है। बाबूपुरवा में वे स्वयं रहते हैं। सरिता जब शादी करके बिधनू आई थी तो राजकुमार ने ही बीएड कराया था। इसके बाद बिधनू वाले स्कूल का सरिता को प्रधानाचार्य बना दिया। वे खुद बाबूपुरवा चले गए।