परेड सद्भावना पुलिस चौकी चौराहे पर पाइपलाइन टूटने से सड़क जलमग्न हो गई। लाखों लीटर पानी के साथ टूटे पाइप के आसपास की मिट्टी भी बहने से गड्ढा हो गया। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। उधर, जल निगम ने बताया कि 28 जुलाई को मौके पर गैंग भेजकर मरम्मत कराई जाएगी। आर्यनगर चौराहे में करीब आधा फीट गहरा गड्ढा हो गया।
सद्भावना पुलिस चौकी के पास दोपहर में अचानक सड़क से तेजी से पानी निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते सड़क जलमग्न हो गई। लाखों लीटर पानी नालियों, नाले में बह गया। व्यस्त चौराहे पर आवागमन भी प्रभावित रहा। पानी घटने पर गड्ढा नजर आने लगा। जलकल विभाग जोन एक के अधिशासी अभियंता राजकुमार पटेल ने बताया कि परेड में जल निगम की पाइपलाइन टूटी है। उधर, जल निगम के सहायक अभियंता राहुल तिवारी ने बताया कि 28 जुलाई को मौके पर टीम भेजकर दिखवाया जाएगा। वहां दोनों विभागों की पाइपलाइनें हैं।