घटनास्थल पर पड़ा सर्जिकल ब्लेड व हमला करने वाला आरोपी गोलू
- फोटो : अमर उजाला
जीराबाद में भदौरिया चौराहे के पास बुधवार को एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने युवती पर सर्जिकल ब्लेड से चेहरे व हाथ पर वार कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर इलाके के लोगों ने आरोपी को जमकर पीटा लेकिन आरोपी मौका पाकर भाग निकला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को हैलट में भर्ती कराया है।
क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती के परिवार में माता-पिता और दो भाई-बहन हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास एल्युमीनियम का कारखाना है। बीते दो वर्ष से गोलू नाम का युवक काम करता है। गोलू अक्सर उन लोगों की मदद करने के लिए घर आ जाता था। युवती ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम गोलू आया और उसने रेस्टोरेंट चलकर खाना खाने की बात कही। इस पर उसने गोलू से उसके नशे में होने की बात कहकर घर जाने को कहा। आरोप है कि इस बात पर गोलू ने जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर हमला कर दिया। सूचना पर नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर फोर्स के साथ पहुंचे और ब्लेड बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती की सात फरवरी को शादी होनी है।