फ्लैट और दुकान दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने वाले भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी पर रावतपुर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। भूमाफिया नेगी जेल में है। वहीं, गिरोह में शामिल भूमाफिया के भाई सुमित और शिवचरण की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने नेगी के आवास विकास स्थित घर, नेगी ग्रांड होटल, गेस्ट हाउस समेत अन्य ठिकानों पर छापा मारा लेकिन दोनों का सुराग नहीं लगा। दोनों के फोन भी बंद हैं।
ऑपरेशन महाकाल के तहत शहर के कई नामचीन लोगों के खिलाफ भूमाफिया की कार्रवाई हुई। इसी दौरान चर्चित भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ पिछले साल अगस्त में पहली रिपोर्ट दर्ज हुई थी। गजेंद्र को बीते दिनों पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। जांच के दौरान पुलिस को नेगी के भाइयों के भी इस धोखाधड़ी के खेल में शामिल होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने नेगी पर गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए उसके भाई सुमित और शिवचरण के नाम गैंगस्टर चार्ट में शामिल किए।
गैंगस्टर नेगी के खिलाफ आपरेशन महाकाल से अब तक 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस नेगी के भाइयों की तलाश में जुटी है। इसके लिए कई टीमें लगाई गई हैं। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि गैंगस्टर गजेंद्र सिंह नेगी पहले से जेल में बंद है। उसके गैंग के सदस्य भाइयों की तलाश में टीमें लगी है। जल्द उनकी गिरफ्तारी होगी।