काकादेव स्थित एक फ्लैट में रह रही निजी अस्पताल की नर्स ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मूलरूप से महोबा के चरखारी निवासी चंद्र मोहन तिवारी एसबीआई से क्लर्क के पद से सेवानिवृत्त हैं। बेटा गोपाल मेट्रो में जॉब करता है, जो अपने परिवार के साथ केशवनगर में रहता है।
उनकी बेटी काजल (28) काकादेव के एवन मार्केट स्थित एक फ्लैट में रह कर स्वरूपनगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स थी। मंगलवार दोपहर को लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि फ्लैट कल से बंद है। सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस फ्लैट का दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुई तो काजल का शव फंदे से लटकता मिला। थाना प्रभारी काकादेव ने बताया कि एक दिन पहले ही काजल के माता-पिता शहर के महोबा गए थे। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके हैं। परिजन अक्सर उसके पास आते जाते रहते थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच की जा रही है।