घाटमपुर। गोपालपुर गांव में रामलीला कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद बुधवार की भोर पहर भाजपा नेता के भतीजे से दबंगों ने मारपीट कर दी। इसके बाद उसे वैन में उठा ले गए और गांव के समीप स्थित रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इसी दौरान मालगाड़ी के पहिये के नीचे आने से उसका एक हाथ कंधे से कट गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट रेफर किया गया, जहां से गंभीर हालत में लखनऊ भेजा गया।
भाजपा के पूर्व नगर महामंत्री व जिले के संगठन में भी कई पदों पर रहे गांव गोपालपुर निवासी उमेश द्विवेदी पुत्र जगत नारायण नगर में परिवार के साथ रहते हैं। उनका भतीजा ललित (28) पुत्र करुणेश द्विवेदी का गांव की रामलीला कमेटी का अध्यक्ष है। मंगलवार की आधी रात को रामलीला के आयोजन के दौरान को किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया।
उमेश ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंच कर मामले में बीचबचाव कर भतीजे को समझा बुझाकर घर भेज दिया। इधर, भोर पहर ललित दोबारा रामलीला स्थल पर पहुंच गया, जहां पर दबंगों से उसका फिर विवाद हो गया। इस पर दबंग मारपीट के बाद उसे वैन में जबरन उठा ले गए और गांव के समीप से गुजरे कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। ट्रैक से गुजरी मालगाड़ी की चपेट में आकर ललित का बायां हाथ कंधा से कट गया। ग्रामीणों की सूचना पर भोर करीब साढ़े पांच बजे परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल ललित को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया। उधर, ललित का हाल जानने के लिए विधायक उपेंद्र पासवान समेत अन्य भाजपाई अस्पताल पहुंचे। इसके बाद ललित को हैलट से लखनऊ भेजा दिया गया। पुलिस ने शक के आधार पर शिक्षक समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत लिया है।
एसओ राजीव सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना की तहरीर नहीं दी है, सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।