जेसीबी पहुंचने से पहले मिट्टी हटाने में जुटे ग्रामीण।
- फोटो : DEHAT
बिल्हौर। देवकली गांव में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त ट्यूबवेल के 20 फिट गहरे कुएं की सफाई कर रहा एक श्रमिक मिट्टी धंस जाने के कारण दब गया। छह घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 12 बजे श्रमिक का शव निकाला जा सका।
गांव में प्राथमिक स्कूल के समीप फकीरे के खेत में पुराना कुआं हैं। बीते दिनों हुई बारिश के कारण कुएं की ईंटें धस गईं थी। सोमवार को गांव के ही 50 वर्षीय राधाकृष्ण कुएं की मरम्मत का काम कर रहे थे। तभी 20 फिट गहरे कुएं की मिट्टी नम होने के कारण धंस गई। इसमें राधाकृष्ण दब गया। सूचना पुलिस और अन्य अधिकारियों को दी गई। तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम 5:40 बजे उन्हें एक ग्रामीण के कच्चे कुएं में दब जाने की जानकारी मिली थी। वह नायब तहसीलदार रत्निका श्रीवास्तव के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। मिट्टी खुदाई में लगे श्रमिकों को हटाकर काम शुरू कराया। इंसपेक्टर संतोष अवस्थी ने बताया कि बलुई मिट्टी में नमी से खोदे जा रहे गड्ढे में बार-बार गिर रही थी, इससे रेस्क्यू में बाधा आ रही थी।
डेढ़ से दो घंटे बाद रेस्क्यू आपरेशन शुरू हो सका। बिना तैयारी के लिए एकाएक जेसीबी लगाकर खुदाई शुरू हो जाने के कारण 12-15 फिट की खुदाई पर एकाएक कुएं की मिट्टी फिर से गिर गई। इससे तीन घंटे की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई। दमकल कर्मियों के बताए अनुसार एकमात्र जेसीबी ने कुआं से काफी दूर से खुदाई शुरू की।
राधाकृष्ण के परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान रहे। इकलौता मनोज कुमार घटना स्थल के आसपास मिट्टी हटाने के लिए ग्रामीणों से गुहार लगाता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण फावड़ा लेकर मौके से मिट्टी भी हटाते रहे, लेकिन बलुई मिट्टी होने के कारण ग्रामीण जितनी मिट्टी हटाते कुछ ही देर में वह फिर से गड्ढे में गिर जाती। इससे ग्रामीण परेशान रहे। पुत्र मनोज ने बताया कि पिता रोज की तरह आज खाना खाकर घर से निकले थे। धान की फसल की सिंचाई के लिए वह ट्यूबवेल के के कुएं की मरम्मत का काम कर रहे थे।
तीन घंटे बाद शाम 7:30 बजे दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उपकरणों के अभाव में दमकल कर्मी जेसीबी के आसपास ही ठहलते रहे। देर रात तक सीमित संसाधनों से चल रहे रेस्क्यू आपरेशन को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष दिखा। मिट्टी में दबे ग्रामीण को बचाने के लिए आसपास गांवों के कई ग्रामीण अपने ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और जेसीबी द्वारा निकाली जा रही मिट्टी को हटाते रहे।
--