गड्ढों में खर्च कर रहे सवा तेरह करोड़ रुपये
कहने को तो पैचवर्क के नाम पर करीब सवा तेरह करोड़ रुपये गड्ढों भरने के नाम पर खर्च किए जा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी ने 12 दिन पहले पक्का पैचवर्क करने के लिए अभियान शुरू किया था, जो छह दिन पहले लगातार बारिश की वजह से बंद रहा था। अब कछुआ गति से चल रहा है।
गिनने भर की सड़कों में ही हो सका है पैचवर्क
दूसरी तरफ नगर निगम के सुस्त अफसरों ने भी चिह्नित की गईं 103 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान शुरू किया, पर 19 अरब रुपये से ज्यादा के वार्षिक बजट वाला यह विभाग परेड रामलीला मैदान मार्ग, खासबाजार शोभायात्रा मार्ग, नंदलाल चौराहे से सीटीआई, गड़रियनपुरवा में बैंक आफ बड़ौदा से फायर स्टेशन मार्ग सहित उंगलियों में गिनने भर की सड़कों में ही पैचवर्क करा पाया है।
दादानगर में सड़कों तक खुले जानलेवा नाले
दादानगर औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य मार्ग में मलिन पेट्रोल पंप के पास सहित तीन जगह सड़क तक नाले खुले हैं। वहां नालों की वजह से सड़क भी टूटकर संकरी रह गई है। नाले भी कई फीट गहरे होने के साथ ही जानलेवा हो गए हैं।
इन सड़कों में गड्ढे
मोतीझील रोड, अनवरगंज से कल्याणपुर क्रॉसिंग के आगे तक, कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में नौबस्ता से गल्लामंडी, रामादेवी से जाजमऊ सर्विसलेन, दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास, थम्पअप पुलिया के पास, अप्ट्रान एस्टेट मार्ग, बर्रा में शास्त्रीचौक से सचान चौराहे तक, यशोदानगर में नमक फैक्ट्री चौराहे से गोपालनगर स्थित रामाराम चौराहा तक, फजलंगज चौराहे से फजलगंज डिपो, गोविंदपुरी पुल के दोनों तरफ, चावला चौराहे से परमपुरवा रोड, कारगिल पेट्रोल पंप से रामगोपाल चौराहा मार्ग आदि।
चार अक्तूबर को पैचवर्क अभियान शुरू कराया गया। रोज 15 सड़कों की मरम्मत हो रही है। 15-20 तारीख तक पैचवर्क पूरा करा लिया जाएगा। गुणवत्ता पर भी नजर रखी जा रही है। -एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम