कानपुर में बैंक खाते से 8.43 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटकापुर निवासी रीना बेगम के खाते से साइबर अपराधी ने 28 अगस्त की रात महज छह मिनट में 10 यूपीआई ट्रांजेक्शन कर 8,43,221.64 रुपये पार कर दिए। आरोप है कि रकम निकालने से पहले अपराधी ने खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी बंद करा दिया।
इससे पीड़िता और उसके पति को तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी। रीना बेगम का सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। घटना से पहले खाते में 14,06,856.97 रुपये जमा थे। 28 अगस्त की रात 8:30 से 8:36 बजे के बीच खाते से लगातार 10 यूपीआई ट्रांजेक्शन हुए। साइबर अपराधी ने रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। 29 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बंद होने की जानकारी मिलने पर रीना के पति ने मोबाइल चेक किया।