शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद
- फोटो : amar ujala
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को भूमाफिया के कब्जे से आजाद कराया जाए। सरकार को वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने ये बातें पटकापुर के इमामबाड़ा नवाब दूल्हा साहब में रविवार को कही।
शिया वक्फ बोर्ड के 15 साल अध्यक्ष रहे वसीम रिजवी (अब जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी) को अध्यक्ष पद से हटाने पर मौलाना कल्बे जव्वाद फैंस एसोसिएशन ने कल्बे जव्वाद का इस्तकबाल किया। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के चेयरमैन रहे वसीम रिजवी के कार्यकाल में वक्फ संपत्तियों को लेकर अनियमितताएं की गईं।
वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे किए गए। अब शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली जैदी बनाए गए हैं। उम्मीद है कि वे वक्फ संपत्तियों के मामले में बेहतर काम करेंगे। उन मुतवल्लियों (प्रबंधकों) पर कार्रवाई करेंगे जो वक्फ संपत्तियों पर कब्जा किए हुए हैं। मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को लेकर पिछले पंद्रह साल से मुहिम चला रहे थे।
उसी का नतीजा है कि शिया वक्फ बोर्ड का चेयरमैन बदल गया। वक्फ संपत्तियों के मामले में उलमा को भी जागरूक होना पड़ेगा। इसकी सुरक्षा के लिए आगे आना पड़ेगा। स्वागत समारोह में आसिफ अब्बास, मसूद हुसैन बर्की, हाशिम रिजवी, रईस अहमद, मंजय रिजवी आदि रहे।