धर्म छिपाकर बिहार की युवती को प्रेम जाल में फांसने वाला अधेड़ निकला। होटल में छेड़खानी के दौरान युवती ने जब उसका मास्क हटाया तो इसका खुलासा हुआ। कठारा निवासी आरोपी शहंशाह आलम को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। वहीं युवती को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
आरोपी के मोबाइल से और भी कई युवतियों के संपर्क में होने की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। एसीपी कलक्टरगंज टीबी सिंह ने बताया कि शहंशाह आलम (50) ने धर्म छिपाकर फेसबुक के जरिये बिहार के पूर्वी चंपारण के पताही निवासी युवती से दोस्ती की थी।
इसके बाद उसे प्रेम जाल में फांस लिया। नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसे कानपुर बुलाया। शनिवार सुबह करीब पांच बजे युवती स्टेशन पहुंची तो आरोपी उसे कोपरगंज स्थित एक होटल ले गया। यहां उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। इस बीच स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, धोखाधड़ी, गालीगलौज, धमकी, आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
वीडियो कॉल पर नहीं करता था बात
युवती ने बताया कि शहंशाह आलम ने डीजे सचिन शर्मा 125 नाम से फेसबुक पर आईडी बना रखी थी। आरोपी कभी भी वीडियो कॉल पर बात नहीं करता था। स्टेशन पर भी जब वह रिसीव करने पहुंचा तो चेहरे पर मास्क लगाए था।