गोल चौराहे के पास रेलवे ट्रैक पर घायल मिले नगर निगम के आउटसोर्सिंग चालक अमन वाल्मीकि (24) की रविवार को हैलट में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने प्रेम प्रसंग के विरोध में इलाके की एक किशोरी के पिता व अन्य पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगा चौकी का घेराव किया। एसीपी कर्नलगंज व सर्किल का फोर्स मौके पर पहुंच गया। कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया गया।
कर्नलगंज के नयापुरवा निवासी किशोर वाल्मीकि के परिवार में पत्नी सीमा और इकलौता बेटा अमन था। किशोर ने पुलिस को बताया कि अमन और इलाके की किशोरी के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे। किशोरी के पिता विकास भवन में एक अधिकारी की गाड़ी चलाते हैं। किशोरी के परिजन प्रेम संबंध का विरोध जता रहे थे। किशोर के अनुसार उन्होंने भी अमन को लड़की से दूर रहने के लिए कहा था। इधर नवरात्र में किशोरी चोरी छिपे अमन के साथ घूमने निकल गई थी। इसकी जानकारी होने पर 22 अक्तूबर को किशोरी के चाचा और पिता ने घर पर आकर धमकाया। पुलिस से भी शिकायत कर दी।