कानपुर में माघ मेले के प्रमुख पर्व मकर संक्रांति के अवसर पर 14 और 15 जनवरी को होने वाले स्नान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और गंगा जल की शुद्धता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरसैया घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और महिला श्रद्धालुओं के लिए वस्त्र बदलने के स्थानों की व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। डीएम ने बताया कि इस बार गंगा घाटों पर स्वच्छता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। स्नान के बाद घाटों पर फैलने वाली गंदगी को रोकने के लिए निर्धारित स्थानों पर केज (जालीदार कंटेनर) लगाए जाएंगे। इनमें फूल, पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट डाला जाएगा। इसके बाद नगर निगम की टीमें तय समय पर कूड़ा एकत्र कर घाटों से बाहर भेजेंगी, ताकि गंगा जल प्रदूषित न हो और घाटों की साफ-सफाई बनी रहे।