कानपुर के फजलगंज में कार के शोरूम में काम करने वाला मैनेजर ग्राहक को दिखाने के बहाने दो लग्जरी कारें पार कर ले गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को बुधवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। दोनों लग्जरी कारें भी बरामद कर ली। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
फजलगंज इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि स्पीड वर्कस ऑटो प्रालि के शोरूम में हिंदनगर आशियाना लखनऊ निवासी आशू सिंह मैनेजर के पद पर काम करता था। 22 मार्च को वह बीएमडब्ल्यू व निशान की टेरेनो कार ग्राहक को दिखाने के बहाने ले गया था। कंपनी के जनरल मैनेजर आकाश श्रीवास्तव ने एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने आशू को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उसकी निशानदेही पर दोनों कारें बरामद की।