कानपुर में बिधनू के हाजीपुर गांव बाहर खेत में सो रहे किसान की सोमवार रात ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मृतक के दामाद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की है। बिधून के मटियारी गांव निवासी विजय मिश्रा उर्फ बब्बू (62) पेशे से किसान थे। उनकी दोनों बेटियों लक्ष्मी व अंशु की शादी हो चुकी है।
बिधून के हाजीपुर गांव में लक्ष्मी की शादी हुई है। लक्ष्मी के पति कौशल किशोर त्रिवेदी ने बताया कि विजय उनकी व उनके परिवार की खेती की देखरेख करते थे। इसलिए वह अक्सर गांव आते थे और खेत में ही रुक जाते थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे विजय हाजीपुर पहुंच कौशल से मिले थे। इसके बाद वहां से चले गए थे।
रात करीब आठ बजे उनकी बेटी ने उनसे फोन बातचीत की। इधर मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने देखा कि गांव के बाहर खेत में ट्यूबवेल के पास खून लथपथ विजय की लाश पड़ी है। एसओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि संपत्ति विवाद, रंजिश और अवैध संबंध के बिंदु पर जांच चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।