बरेली हिंसा के बाद शहर की खुफिया सतर्क है। पुलिस सोशल मीडिया से लेकर शहर के संवेदनशील इलाकों में नजर रख रही है। पुलिस और खुफिया की सतर्कता की ही वजह से रेलबाजार के सुजातगंज इलाके में जुमे की नमाज के बाद लोगों की भीड़ को भड़काने की एक युवक की कोशिश कामयाब नहीं हो पाई थी। संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस वालों को लगाया गया है।
आई लव मोहम्मद को लेकर मचे बवाल के बीच प्रदेश भर में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी हुए हैं। ऐसे में पुलिस की टीमें और एलआईयू व अन्य खुफिया एजेंसियां संदिग्धों के अलावा सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। जेसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि कानपुर में सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पुलिस की टीमें निगरानी कर रही हैं। यदि किसी ने सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक कसी भी तरह माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा जाएगा।