ननिहाल आए दो साल के बच्चे की सीवर टैंक में गिरने से मौत हो गई। मां पास ही कपड़े धो रही थी, तभी उसकी नजर बेटे पर गई तो कोहराम मच गया। चौबेपुर के गबड़हा गांव निवासी मजदूर रमेश कुमार की पत्नी अंशिका भैयादूज पर चार बच्चों परी, हर्षित, कुणाल व दो साल के दीपक को लेकर सचेंडी के जगतपुर गांव स्थित मायके आई थी।
शनिवार सुबह अंशिका घर के बाहर बने सीवर टैंक के फर्श पर कपड़े धो रही थी। इस दौरान दीपक खेलते-खेलते टैंक में जा गिरा। थोड़ी देर बाद मासूम बेटे को टैंक में डूबता देख अंशिका ने शोर मचाया। चीख सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने मासूम को टैंक से बाहर निकाला।
ग्रामीण उसे आनन-फानन पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सचेंडी थाना प्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया कि सीवर टैंक मासूम के नाना रमेश कुमार का ही है। उन्होंने टैंक को ढक्कन की जगह प्लास्टिक के टूटे टब और बोरी से ढक रखा था। जिसके चलते मासूम सीवर टैंक में जा गिरा। इससे पानी में डूबने से मौत हो गई।