Kanpur News: ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाले इंडिया-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के मैचों के लिए शुक्रवार से छह अलग-अलग स्थानों पर ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। टिकटों की कीमत 100 रुपये से 499 रुपये तक है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह है।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच होने वाले तीनों वनडे मैच के लिए मंगलवार रात साढ़े नौ बजे से बुक माय शो पर टिकट की ऑनलाइन शुरू की गई थी। बुधवार तक करीब एक लाख रुपये के टिकट बिक गए थे। शहर में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए शुक्रवार से अलग-अलग स्थान पर ऑफलाइन टिकट की बिक्री शुरू हो गई है। टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉक्टर संजय कपूर ने बताया कि उप्र क्रिकेट एसोसिएशन शुक्रवार से ग्रीनपार्क स्टेडियम सहित शहर के छह स्थानों पर सुबह 11 बजे से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हुई है।
विज्ञापन
यहां 100 से लेकर 499 रुपये तक के टिकट मिल रहे हैं। पवेलियन बालकनी, वीआईपी पवेलियन की टिकट 499 रुपये की है। पवेलियन ग्राउंड की टिकट 250 रुपये, सी बालकनी की टिकट 200 रुपये तथा बी जनरल व सी स्टाल की टिकट 100 रुपये की हैं। ग्रीनपार्क के अलावा बाटू टेलीफोन प्वाइंट लाजपतनगर और गोविंदनगर, यूनीसेफ मोबाइल लालबंगला, स्माइल स्टोर बिरहाना रोड, हीरा टेली कम्युनिकेशन कल्याणपुर, ड्रीम्स टेलीशॉप यशोदानगर से टिकट ब्रिकी हो रही है।