कोरोना की तीसरी लहर के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट माेड पर है। विदेश से लौटे यात्रियों का पुरा ब्यौरा मांगा गया है। कोरोना संक्रमितों की हेल्थ ब्रीफिंग साझा करें पैथालॉजी और नर्सिंगहोम, ऑक्सीजन की स्थिति का भी जाएजा लिया गया।
कानपुुर में कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने रविवार को शहर के पैथोलॉजी और नर्सिंगहोम संचालकों के साथ उर्सला सभागार में बैठक की। कहा कि कभी भी अस्पतालों को 48 घंटे की नोटिस पर कोविड स्टेटस में तब्दील किया जा सकता है।
विज्ञापन
नर्सिंगहोमों को अलर्ट रहने के लिए कहा जिन्हें पहले कोविड स्टेट्स मिला था। उनसे ऑक्सीजन की स्थिति का पूरा ब्योरा लिया गया। वह ऑक्सीजन कहां से प्राप्त करते हैं? उनके पास कोई प्लांट है या फिर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का इस्तेमाल करते हैं। सिलिंडर के लिए किस कंपनी से टाईअप है, यह भी पूछा।
हेल्थ ब्रीफिंग देनी होगी
कोविड स्टेटस वाले नर्सिंगहोम दो बार परिजनों को रोगी की हेल्थ ब्रीफिंग देंगे। दिन में तीन बार पोर्टल पर बेड की स्थिति अपडेट करेंगे। हर अस्पताल होल्डिंग एरिया जरूर बनाएगा। सीएमओ डॉ. सिंह ने कहा कि आपदा को कमाई का अवसर न समझें। अनाप-शनाप बिल बनाने पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर नर्सिंगहोम एसोसिएशन और पैथोलॉजी एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे।
विज्ञापन
संक्रमित का एक अतिरिक्त सैंपल रखें
सीएमओ ने कहा कि पैथोलॉजी कोरोना संक्रमित की सूचना छिपाए नहीं। विदेश से लौटा कोई व्यक्ति अगर जांच करा रहा है तो उसकी सूचना जरूर दें। अगर कोई व्यक्ति संक्रमण की बॉर्डर लाइन पर है तो उसका दुबारा टेस्ट जरूर किया जाए और दूसरे टेस्ट का पैसा न लिया जाए। अगर कोई संक्रमित है तो उसी वक्त उसका एक अतिरिक्त सैंपल लेकर सुरक्षित कर लिया जाए जिससे क्रॉस चेक करने में आसानी रहे।
90 फीसदी संक्रमित बाहर से आने वाले
सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि 90 फीसदी कोरोना संक्रमित बाहर से आने वाले लोग हैं। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री मिली है। मुंबई, दिल्ली आदि शहरों से लोग संक्रमण लेकर आ रहे हैं। अपील की कि अगर कोई बाहर से आ रहा है उसमें लक्षण हैं तो तुरंत जांच कराएं।