नवजात का बिना सिर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। थाेड़ी दूर पर मिले हाथ में वीगो लगा था। अस्पताल में जन्म होने की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के वसंत विहार इलाके में गुरुवार को नवजात का बिना सिर का शव मिला। उसका हाथ थोड़ी दूर पर पड़ा मिला जिस पर वीगो लगा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आशंका जताई गई है कि किसी अस्पताल में प्रसव हुआ है माैत होने के बाद उसे फेंक दिया गया।
विज्ञापन
वसंत विहार निवासी सपा युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी ने बताया कि गुरुवार सुबह वह क्षेत्रीय लोगों के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी एक कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाए हुए आता दिखा। भगाने पर नजदीक स्थित फ्रेंड्स पार्क में घुस गया और शव छोड़कर भाग निकला। उसके गर्दन से ऊपर का हिस्सा गायब था। मृत शिशु के पैरों में ऊनी मोजे थे और डायपर भी पहनाया गया था। पार्क में ही कुछ दूरी पर ही नवजात के हाथ का पंजा भी पड़ा मिला है। इस पर वीगो लगा था। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि नवजात का जन्म किसी अस्पताल में हुआ है। कुत्ता उसे कहां से और कब उठाकर लाया। इस बात की पड़ताल करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।