कल्याणपुर में शोहदे ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर बिल्हौर निवासी बीएससी छात्रा की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। फोटो परिजन और रिश्तेदारों को भी भेजीं। विरोध करने पर धमकाया कि अब न पढ़ने दूंगा, न ही घर बसने दूंगा...। छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया। आरोप है कि बिल्हौर और कल्याणपुर थाना पुलिस ने सीमा विवाद के चलते कार्रवाई नहीं की। परिजन ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से गुहार लगाई। इसके बाद कल्याणपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई।
बिल्हौर निवासी छात्रा ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पूर्व कल्याणपुर स्थित महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आई थी। कोचिंग जाने के दौरान कानपुर देहात के शिवली स्थित बसेंध निवासी दीपक उर्फ राज से मुलाकात हुई। आरोपी ने मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया। कॉलेज आने-जाने के दौरान घुमाना शुरू कर दिया। बालिग होने पर शादी का भरोसा देकर अश्लील हरकतों का प्रयास करने लगा। मार्च 2025 में आरोपी उसे कल्याणपुर जीटी रोड स्थित एक होटल में ले गया। उसकी मर्जी के बिना निजी तस्वीरें मोबाइल से खींच लीं।