कानपुर के मैकरॉबर्ट अस्पताल जीएसवीएम मेडिकल कालेज का हिस्सा बनेगा। इसे मल्टी सुपर स्पेशिएलटी अस्पताल के रूप में तैयार किया जाएगा। अभी जीएसवीएम में जो विभाग नहीं हैं, वे विभाग मैकरॉबर्ट अस्पताल में शुरू किए जाएंगे।
कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला और उप प्राचार्य डॉ. रिचा गिरि ने गुरुवार को मैकरॉबर्ट अस्पताल का निरीक्षण किया और भवन की स्थिति देखी। यहां नया भवन बनाने के लिए कालेज प्रबंधन ने प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है। कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि मैकरॉबर्ट अस्पताल के संबंध में शासन का पत्र आ गया है।
इसके साथ ही डीएम से भी बात हो गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की भूमि का रकबा साढ़े नौ एकड़ है। आज पूरा परिसर देखा गया। अस्पताल का भवन सौ साल पुराना है। इससे पुराने को गिराकर नया भवन बनाया जाएगा।
अस्पताल भवन के ध्वस्तीकरण के संबंध में लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मल्टी सुपर स्पेशिएलटी ब्लाक बनाने के साथ रेजीडेंशियल ब्लाक भी बनाया जाएगा। डॉ. काला ने बताया कि अगर पांडुनगर अस्पताल का अधिग्रहण हो जाता है तो जीएसवीएम मेडिकल विवि बन सकता है।