इरफान ने धमकी दे कब्जा कराई जमीन, हाजी वसी भी फंसा
जाजमऊ निवासी विमल कुमार का मौरंग सीमेंट का कारोबार है। विमल के मुताबिक इसी साल मार्च में बिल्डर हाजी वसी व उनके साथी कमर आलम, शाहिद लारी ने मिलकर उनकी 400 गज की जमीन पर कब्जा कर लिया। इसमें विधायक इरफान सोलंकी भी शामिल रहे। आरोप है कि विधायक ने कहा था कि दस मार्च को सपा की सरकार बन रही है। कोई कुछ नहीं कर पाएगा। इसलिए आठ मार्च को ही वहां स्लैब डाली थी। विमल ने शिकायत की थी लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई थी। अब जाजमऊ पुलिस ने इस मामले में रंगदारी, जमीन कब्जा, धमकी देने की धाराओं में विधायक समेत अन्य सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
सवा साल पुराने मामले में भी केस दर्ज
21 अगस्त 2021 को ग्वालटोली इलाके से इरफान सोलंकी परिवार के साथ गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके एक परिचित की बाइक का पुलिस ने चालान कर दिया था। जानकारी होने पर इरफान पहुंचे थे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें इरफान पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते दिखाई दे रहे थे। तब पुलिस ने तस्करा डाला था। तत्कालीन सीपी असीम अरुण ने पुलिसकर्मियों को एक-एक हजार रुपये देकर सम्मानित किया था। विधायक का चालान काटा था। इस वीडियो के आधार पर सोमवार को पुलिस ने इरफान सोलंकी पर ग्वालटोली में सरकारी काम में बाधा डालने, बलवा व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जो शिकायतें मिली हैं उनकी जांच जारी है। जिन-जिन में साक्ष्य मिलते जा रहे हैं, उसमें केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कुल 42 शिकायतें आई थीं। कइयों में जांच जारी है। - आनंद प्रकाश तिवारी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर