पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के बाद गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी का सिलसिला जारी है। नरौरा बैराज से छोड़े गए भारी मात्रा में पानी के कारण अगले तीन दिनों में कानपुर और शुक्लागंज क्षेत्र में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है।
विभाग द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, गंगा बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर (बिठूर से बैराज तक) 112.950 मीटर और डाउनस्ट्रीम जलस्तर (बैराज से शुक्लागंज) 112.120 मीटर दर्ज किया गया है जबकि शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 110.850 मीटर रिकॉर्ड किया गया। हरिद्वार से 1,33,000 क्यूसेक और नरौरा से 1,40,442 क्यूसेक प्रति सेकंड से छोड़ा जा रहा है। बैराज से 83,039 क्यूसेक और शुक्लागंज से 110.850 क्यूसेक छोड़ा गया है। पोस्ट गेजरीडर उत्तम पाल के अनुसार नरौरा से छोड़े गए 1.40 लाख क्यूसेक से अधिक पानी का असर लगभग एक या दो अगस्त से शुक्लागंज और कानपुर के तटीय क्षेत्रों में दिखाई देगा। जलस्तर बढ़ने से गंगा के कटरी और निचले (काश्त) इलाकों में पानी घुसने का खतरा बन गया है।