कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को शहर में देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गंगा के घाट दीपमालाओं से जगमगा उठे। सरसैया घाट पर 501 दीपों से गंगा की महाआरती की गई। इस दौरान पूरा वातावरण गंगा मैया के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा को स्वच्छ रखने की अपील की। लोगों ने घरों के दरवाजों, छतों और आंगन में दीप जलाए। माता लक्ष्मी, भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भंडारे भी आयोजित किए गए।
मां गंगा सेवा समिति के बैनर तले सरसैया घाट पर अध्यक्ष पंडित दीनानाथ द्विवेदी ने महाआरती कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर दीपदान किया। दीपों का प्रतिबिंब गंगा के जल में पड़ने से घाटों का नजारा दिव्य हो गया। कार्यक्रम में अयोध्या के महामंडलेश्वर महंत दामोदर दास का अखाड़ा भी शामिल हुआ। इस मौके पर वेदों में गंगा की महिमा का वर्णन किया गया और प्रदूषण पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में सर्वेश पांडेय, सुरेश गुप्ता और विनोद मिश्रा आदि मौजूद रहे। बंबा रोड, गुमटी नंबर पांच स्थित शनिदेव मंदिर में देव दीपावली मनाई गई। यहां राजीव मेहरा, शिशिर कुमार पांडेय, अतुल त्रिवेदी, पूर्व महापौर रवींद्र पाटनी और ऋषभ शर्मा आदि शामिल हुए।