साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शोहदे से भयभीत परिवार ने बेटी की पढ़ाई बंद करवा दी। डरी सहमी छात्रा घर से बाहर नहीं निकल रही तो शोहदा रात के अंधेरे में छात्रा के घर में लेजर लाइट मारता है। रविवार को शिकायत पत्र मिलने के बाद साढ़ पुलिस शोहदे को पकड़ तो ले आई लेकिन रात में छोड़ कर मामले को रफा-दफा कर दिया। पीड़ित छात्रा के फौजी भाई ने सोमवार को एसपी आउटर के पास जाकर शोहदे से बहन को बचाने की गुहार लगाई है।
एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह को दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा को बीते एक वर्ष से गांव का ही युवक बहुत परेशान करता है। जिस कारण परिवार ने बेटी की 12वीं के बाद पढ़ाई बंद करवा दी। पीड़ित छात्रा के फौजी भाई ने बताया कि रविवार को शिकायत के बाद साढ़ पुलिस ने युवक को उठाया लेकिन रात में उसे छोड़ दिया। सोमवार सुबह युवक गली में भद्दी भद्दी गालियां देते हुई कई बार घर के बाहर से निकला।
पीड़िता का भाई इससे परेशान होकर बहन को लेकर एसपी आउटर के सामने पेश हुआ। फौजी भाई ने बताया कि ड्यूटी जाने से पहले बहन को शोहदे युवक से बचाने के लिए एसपी आउटर से आग्रह किया है। बहन इतनी भयभीत है कि घर से नहीं निकलती। अब युवक रात में घर की तरफ लेजर लाइट मारता है। साढ़ थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि रविवार को दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हो गए थे तभी युवक को छोड़ दिया गया था। छात्रा के एसपी आउटर के सामने पेश होने की जानकारी नहीं है।