कानपुर के चकेरी में फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर शातिर ने अपने बचपन के इंजीनियर दोस्त से 1.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। रकम वापस मांगने पर पीड़ित से गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस कमिश्नर के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। चकेरी के रामपुरम श्यामनगर निवासी राजेश सिंह जिओ एयर फाइबर में इंजीनियर हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि घर के सामने रहने वाले बचपन के दोस्त सौरभ शुक्ला ने बातचीत के दौरान कैंट में आरओ व बिसलेरी की फ्रेंचाइजी दिलाने की बात कही। इसके लिए आरोपी ने 23 जनवरी 2023 को अपने खाते में कई बार में 1.55 लाख रुपये ले लिए। काफी समय तक फ्रेंचाइजी न मिलने पर जब पीड़ित ने सौरभ से बात की तो फ्रेंचाइजी डायरेक्टर के विदेश से लौटने पर दिलाने बात कहकर टाल दिया। पीड़ित ने 15 मार्च 24 को आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो सौरभ ने गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। चकेरी इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।