झकरकटी बस अड्डे नहीं आएंगी बसें
फैसले के अनुसार आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से आने वाली जिन बसों का गंतव्य कानपुर नहीं, बल्कि लखनऊ या अन्य शहर हैं। वे झकरकटी बस अड्डे नहीं आएंगी। इन्हें भौंती से नौबस्ता फ्लाईओवर होते हुए रामादेवी मार्ग से आगे भेजा जाएगा। वहीं, विकासनगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से लखनऊ, हरदोई और रायबरेली मार्ग की बसों का संचालन बढ़ेगा।
व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश
पांच नवंबर से सरैया क्रॉसिंग शुरू होने के बाद इन बसों को इसी रास्ते से चलाया जाएगा। इससे झकरकट्टी, टाटमिल और जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर बसों का दबाव घटेगा। मंडलायुक्त ने त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निर्धारित पार्किंग स्थलों का व्यापक प्रचार करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
सड़क पर बस खड़ी करने पर होगी कार्रवाई
बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा, डीसीपी यातायात अभयनाथ त्रिपाठी, आरटीओ राकेंद्र सिंह, रोडवेज के एआरएम रामलवट चौधरी और अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने रोडवेज अधिकारियों को निर्देश दिए कि झकरकटी बस अड्डे पर बसें परिसर के भीतर ही खड़ी हों। सड़क पर बस खड़ी करने पर कार्रवाई होगी। डग्गामार वाहनों के खिलाफ रोडवेज और पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चलाएगी।
मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान में गुणवत्ता से समझौता नहीं
बड़ा चौराहा, परेड, विजयनगर, फजलगंज और कल्याणपुर के बाजारों व व्यस्त मार्गों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। सड़क और फुटपाथ पर कब्जों के कारण यातायात प्रभावित होने की समस्या दूर करने के लिए संबंधित विभाग संयुक्त कार्रवाई करेंगे। सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। मेट्रो अधिकारियों को विजयनगर चौराहे से डबल पुलिया मार्ग को जल्द चलने योग्य बनाने और कंपनीबाग से रावतपुर मार्ग की मरम्मत प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम के सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की कोर कटिंग कराई जाएगी। एचबीटीयू से गुणवत्ता जांच के बाद ही संबंधित कार्यों का भुगतान होगा।