पति कर रहे हैं दूसरे निकाह की तैयारी
सोफिया अहमद को पता चला है कि पति शारिक ने दूसरी जगह निकाह करने की तैयारी कर ली है। 27 जनवरी को उसका निकाह होना है। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने पति और चार बार की विधायक रही ननद से भी जान का खतरा बताया है। बीपी जोगदंड ने मामले में जांच का आदेश दिया है।
सोफिया अहमद ने रविवार रात को अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा कि- मैं सोफिया अहमद पूर्व अल्पसंख्यक आयोग सदस्य भाजपा से हूं। मेरी शादी 2015 में शारिक अराफात से हुई थी। जो कि सपा विधायक रहीं गजाला लारी के भाई हैं। मेरे पति ने 2016 में एक तलाक देते हुए घर से निकाल दिया था। इसके बाद कोर्ट से रुखसती का केस डालते हुए मुझे पत्नी स्वीकार किया।
बीजेपी विचारधारा का होने की वजह से बढ़ी परेशानी
पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि वे भाजपा से जुड़ी हुई हैं। भाजपा की विचारधारा पर चल रही हैं। इन्होंने मुझे पार्टी छोड़ने का दबाव डाला है और अब कंप्रोमाइज करने का भी दबाव डाल रहे हैं। पति मुझे जान माल की धमकी देते हुए दूसरा निकाह कर रहे हैं। अब मैं रिक्वेश्ट करती हूं माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी से प्लीज मेरे और मेरे बच्चे के जान माल की सुरक्षा की जाए।
अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य सोफिया अहमद ने तहरीर दी है। दोनों पक्षों को महिला थाने बुलाकर महिला एसीपी को जांच के लिए कहा गया है।- बीपी जोगदण्ड, पुलिस कमिश्नर