फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दीवार तोड़कर चार की बचाई जान

Tue, 23 May 2023 11:25 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

कानपुर में दो मंजिला मकान में बने गोदाम में भीषण आग लग गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
गोदाम में लगी आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में किदवईनगर जी ब्लॉक स्थित दो मंजिला मकान में बने गोदाम में मंगलवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। मकान में फंसे चार लोगों को दीवार तोड़कर बचाया गया। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किदवईनगर सोटे वाले बाबा मंदिर के पास राकेश जनरल स्टोर के नाम से किराना की दुकान है। पहली मंजिल पर राकेश उपाध्याय व उनके छोटे भाई अशोक अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। दुकान और पहली मंजिल के बीच में करीब पांच फीट की ऊंचाई वाली एक दुछत्ती है, जिसे गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

विज्ञापन


मंगलवार शाम करीब चार बजे गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम में गत्ते और तेल जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तेजी पकड़ ली। दुकान में मौजूद राकेश और अशोक भाग कर बाहर आए और मदद के लिए शोर मचाया। आग की लपटों के दुकान के पास से गुजरीं सीढि़यों तक पहुंच जाने के कारण पहली मंजिल पर मौजूद राकेश की पत्नी सुषमा, बेटी सुचिता और दस साल का नाती वेदांत व अशोक की पत्नी आरती फंस गए।

आग की सूचना पर 10 मिनट में पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाना शुरू किया। परिवार के आग में फंसे होने की सूचना पर सीपी बीपी जोगदंड, डीएम विशाखजी, डीसीपी साउथ समेत कई थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारियों ने पड़ोसी केके सिंह के घर की छत पर चढ़कर राकेश के मकान की दीवार को तोड़कर सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान घर के अंदर पिंजरे में पला तोता मर गया। हादसे से पूरा परिवार इस कदर दहशत में रहा कि कुछ भी बोलने से गुरेज किया।

जेसीबी से शटर तोड़कर बुझाई आग
गोदाम में ज्वलनशील पदार्थ की वजह से पानी डालते ही आग और भड़क रही थी। आग दुकान तक भी पहुंचने लगी। दुछत्ती के आगे बनी खिड़कियों से पानी की बौछार ठीक से अंदर तक न पहुंच पाने से आग बुझाने में समय लग रहा था। इस पर अधिकारियों ने जेसीबी से शटर तुड़वाए। इसके बाद पानी की बौछार से आग पर काबू पाया। पानी में भीगने और जलने से व्यापारी का लगभग 20 लाख के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है।
विज्ञापन

अग्निशमन कर्मियों ने कुत्ते की बचाई जान
अग्निशमन कर्मियों ने मकान की दीवार तोड़ी। इसके बाद ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर अंदर घुसे। एक के बाद एक अंदर फंसीं तीन महिलाओं व एक बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। सभी को बाहर लेकर आते वक्त अचानक महिलाओं ने अपने पालतू कुत्ते (जर्मनशेफर्ड नस्ल) के अंदर फंसे होने की बात कहकर चीखना शुरू कर दिया। यह सुनकर अग्निशमन कर्मियों ने फिर से धधकते मकान की तरफ रुख किया और अंदर घुसकर धुएं में फंसे कुत्ते को भी सकुशल निकाल लिया। आसपास मौजूद लोगों ने उनका जज्बा देख हौसला बढ़ाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें