कोतवाली पुलिस ने दीनू और उसके साथियों पर मारपीट, गाली गलौज, अपहरण, डकैती, रंगदारी मांगने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई नवीन मार्केट के जूता कारोबारी की तहरीर पर हुई। रिपोर्ट में दीनू, धीरज दुबे उर्फ ट्विंकल दुबे, नीरज दुबे उर्फ सोनू पंडित को नामजद कर 10-12 अन्य साथियों को शामिल किया गया है। इससे पूर्व दीनू के साथियों पर अलग अलग थानों में 14 रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं।
केशवनगर डब्ल्यू ब्लॉक निवासी राकेश अरोड़ा उर्फ लोरी की नवीन मार्केट में कमाल फुटवियर के नाम से दुकान है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दीनू उपाध्याय के साथियों ने अपहरण और हत्या की धमकी देकर उनसे हर महीने रंगदारी वसूली है। आरोपी धीरज व नीरज दुबे हर महीने दुकान में आते और हजारों का माल लेकर बिना रुपये दिए चले जाते थे। कहते थे की व्यापार करना है तो हर महीने रंगदारी देनी होगी। 17 सितंबर 2021 को उनसे कहा गया कि दीनू उपाध्याय ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये देने में असमर्थता जताने पर आरोपी रात आठ बजे नवीन मार्केट से उनका अपहरण कर मैनावती मार्ग ले गए। यहां अंधेरे में डंडे और बेल्ट से पिटाई की।
अधिवक्ता दीनू उपाध्याय
- फोटो : अमर उजाला
आरोप है कि मोबाइल, पर्स और दुकान में रखे 64,500 रुपये लूट लिए। दीनू के साथी उन्हें कार में बिठाकर कहीं ले जा रहे थे, लेकिन फजलगंज के पास पेट्रोल भरवाने के दौरान उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। वह शिकायत करने कोतवाली गए, जबकि दीनू और उसके साथी पहले से ही मौजूद थे। उन्हें शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी गई। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि दीनू उपाध्याय, नीरज, धीरज दुबे और 10-12 अन्य साथियों पर अपहरण करने, डकैती, रंगदारी मांगने, गाली गलौज और धमकी देने जैसी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।