kanpur Election Result 2022 भाजपा प्रत्याशी और कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने आठवीं बार जीत हासिल कर रिकॉर्ड कायम किया है। सतीश महाना लगातार आठवीं बार जीत हासिल करने वाले प्रदेश के तीसरे विधायक बन गए हैं।
कानपुर के महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने आठवीं बार जीत हासिल कर रिकॉर्ड कायम किया है। प्रदेश में तीसरे ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने लगातार आठ बार जीत हासिल की।
विज्ञापन
अभी तक यह रिकॉर्ड भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश खन्ना और कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी के पास था। मतगणना के पहले राउंड से वे निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बढ़ते बनाए थे। उन्होंने सपा प्रत्याशी फतेहबहादुर गिल को 82,261 वोटों से हराया। महाना को कुल 1,52,883 वोट मिले।
2017 के मुकाबले महाना को इस बार वोट तो अधिक मिला लेकिन जीत का अंतर कम हुआ है। वजह यह है कि इस बार सपा ने वोट ज्यादा पाए हैं। पिछले चुनाव में महाना की जीत का अंतर 91,826 था और कुल 1,32,394 वोट मिले थे। कहा जा रहा है कि इस बार की जीत में मुस्लिम और यादव वोट को छोड़कर सभी जातियों के मतदाताओं का सहयोग उन्हें मिला है।
विज्ञापन
Trending Videos
महाना के मुताबिक महिलाओं, दलित समाज से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाजपा को वोट किया है। महाना वर्तमान सरकार में उद्यमिता विकास मंत्री रहे हैं। इस बार की योगी सरकार में उन्हें कोई और बड़ा विभाग मिल सकता है। यही वजह है कि जीत का परिणाम आने से पहले ही रुझानों को देखते हुए उन्हें दोपहर बाद ही लखनऊ बुला लिया गया।
सतीश महाना ने सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीता चुनाव
सतीश महाना ने सभी 10 विधानसभा सीटों पर सबसे ज्यादा अंतर से चुनाव जीता है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी सपा के फतेहबहादुर गिल को 82261 वोटों से हराया है। महाना को इस बार 1,52,883 वोट मिले।
पिछले चुनाव में भी उन्होंने सबसे ज्यादा वोट हासिल करने के साथ ही सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। वोटों के अंतर के मामले में दूसरे नंबर पर गोविंदनगर से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मैथानी रहे।
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी सपा के सम्राट विकास को 80681 वोटों से हराया है। इसके बाद किदवई नगर से महेश त्रिवेदी ने 37,251, बिल्हौर के राहुल बच्चा सोनकर ने 25,270, कल्याणपुर से नीलिमा कटियार ने 21 हजार 535 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
वहीं, बिठूर से जीते अभिजीत सांगा ने 21073, कानपुर कैंट के सपा प्रत्याशी मोहम्मद हसन रूमी 19,987, घाटमपुर से अपना दल की प्रत्याशी सरोज कुरील ने 14474, सीसामऊ के सपा प्रत्याशी हाजी इरफान सोलंकी ने 12266 और आर्यनगर से सपा के अमिताभ वाजपेयी ने 7924 मतों से जीत हासिल की।