बिजली के बिल को लेकर हुआ था विवाद
मेनका ने बताया कि घर में प्रीपेड मीटर लगा हुआ है। पिछले दो महीने से बिजली का बिल जमा नहीं हुआ था। इसकी वजह से बिल माइनस 2500 रुपये हो गया। चार दिन पहले ही कनेक्शन काट दिया गया था। घर में बिजली न होने से सभी लोग परेशान थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे जितेंद्र ने विजेंद्र से बिल जमा करने के लिए कहा। जवाब में विजेंद्र ने कहा मीटर सभी के नाम है, इसलिए सभी लोग अपने-अपने हिस्से के रुपये दें। इस पर तमतमाए जितेंद्र ने गालीगलौज की तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
सूजे से पेट पर तबाड़तोड़ वार
जितेंद्र ने एकाएक विजेंद्र पर डंडे से हमला कर दिया। विजेंद्र के विरोध करने पर आक्रोशित जितेंद्र दौड़ता हुआ गया और बर्फ तोड़ने वाला सूजा ले आया। उसने एकाएक विजेंद्र के दिल में सूजा घोंप दिया। सूजा लगते ही विजेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख पुकार मच गई। हत्यारोपी मौके से भाग निकला। आनन-फानन घरवाले विजेंद्र को उर्सला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा, एसीपी कलक्टरगंज आशुतोष सिंह, बादशाहीनाका इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह, हरबंश मोहाल इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने घटनास्थल की जांच की। मौके से खून से सना सूजा मिल गया। एडीसीपी ने बताया कि मां राजकुमारी की तहरीर पर आरोपी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पहले भी हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। देर रात उसे चकेरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।