कानपुर में प्रकाश, सुख-समृद्धि और उल्लास का पर्व दिवाली रविवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर माता महालक्ष्मी और भगवान गणेश के पूजन का विशेष महत्व है। वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य पंडित पीएन द्विवेदी ने बताया कि घरों में लक्ष्मी पूजन के लिए प्रदोष काल का स्थिर वृष लग्न सबसे प्रमुख मुहूर्त है। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिवाली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का पर्व है। पूजन से पहले घर की अच्छी तरह सफाई करें और पूजा स्थल को सजाएं। मुख्य द्वार पर दीपक जलाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता भी करें। उन्होंने कहा कि ग्रह-नक्षत्रों की अनुकूलता के साथ अच्छे कर्म, सकारात्मक सोच और परिश्रम भी सफलता के लिए आवश्यक हैं।