शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की रोकथाम संबंधी तैयारियां कागजों तक सिमटी नजर आ रही हैं। सरसौल में किशोरी और मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में एंटीलार्वा छिड़काव और जागरूकता अभियान की रफ्तार नहीं बढ़ी है। दिवाली के दिन स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के 10 मरीज मिलने की जानकारी दी थी। मंगलवार को चार नए मामले सामने आए।
विज्ञापन
इसके बाद चार दिनों से विभाग ने कोई आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है। लक्ष्मीपुरवा, कैंट, कल्याणपुर, बर्रा और काकादेव समेत सरसौल, बिधनू व बिठूर में लोग बुखार और डेंगू के लक्षणों से परेशान हैं। सरसौल में किशोरी की मौत के मामले में झोलाछाप से इलाज और देरी को वजह बताया गया। इससे मरीजों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। मामले में सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि रोज जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश हैं। लापरवाही मिलने पर जांच कराई जाएगी।