कानपुर देहात के रूरा में डगरहा गांव के बाहर यात्री प्रतीक्षालय में बुधवार को युवक का शव मिला। युवक के मुंह से झाग निकल रहा था। जानकारी पर पुलिस पहुंची। राहगीरों ने बताया कि युवक तड़प रहा था इसके कुछ देर बाद मौत हो गई। फॉरेंसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। एएसपी भी घटना स्थल पर पहुंचे और छानबीन की। आत्महत्या की वजह परिजन साफ नहीं कर सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गुलाबपुरवा भौरा निवासी सुरेंद्र सिंह नायक का पुत्र नीरज सिंह (25) बुधवार सुबह घर से राजस्थान काम करने जाने की बात कहकर निकला था। वहां से वह डगरहा आया और यात्री प्रतीक्षालय में रुक गया। इसके बाद राहगीरों ने उसे तड़पते देखा। संदिग्ध हालात में यात्री प्रतीक्षालय में युवक का शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसपर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। एएसपी राजेश पांडेय भी पहुंचे।
पुलिस की छानबीन में प्रथम दृश्टया आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक के पास रखे बैग में खाना, पानी की बोतल, सल्फास की गोलियां आदि मिली। मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह व चचेरा भाई श्याम सिंह आदि मौके पर पहुंचे। सुरेंद्र ने शव की शिनाख्त पुत्र नीरज सिंह के तौर पर की। उन्होंने पुलिस को बताया कि नीरज सिंह राजस्थान में काम करने की बात कहकर सुबह घर से निकला था।
इसके बाद अनहोनी की खबर मिली। मृतक अविवाहित था। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के पास मिले बैग में सल्फास की गोलियां मिली हैं। मुंह से झाग निकल रहा था। प्रारंभिक छानबीन में आत्महत्या का मामला लग रहा है। उन्होंने बताया कि परिजन आत्महत्या करने की कोई वजह नहीं बता सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि परिजनों ने कोई संदेह प्रकट नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी।