रनियां। अकबरपुर कोतवाली के रायपुर चौराहे के पास पैदल हाईवे पर कर रही महिला ट्रक की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गजनेर के सरवनखेड़ा गांव निवासी राजेश्वरी (52) शनिवार सुबह रायपुर में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के समापन के बाद शाम को वह वापस अपने घर की जाने के लिए पैदल हाईवे पार कर रही थीं।
कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गईं। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भेजा। इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. पवन ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
रनियां चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि मृतका के घरवालों को सूचना दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।