कानपुर देहात। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के परौंख आगमन को लेकर जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है।
इन सभी लोगों की कोविड जांच कराई जाएगी। बिना आरटीपीसीआर टेस्ट के किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्थाएं भी शुरू कर दी हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने पैतृक गांव पराैंख में तीन जून को आ सकते हैं। उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की भी संभावना है। इसके लिए पुलिस, प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिलने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सूत्रों की माने तो यहां करीब 300 लोग राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसमें माननीयों के अलावा राष्ट्रपति के करीबी, रिश्तेदार व मित्र भी शामिल हैं।
हालांकि अभी तक प्रशासन ने इनकी सूची फाइनल नहीं की है। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि जो भी लोग राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिलेंगे, उन सभी का 72 घंटे पहले कोविड आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाएगा।
रिपोर्ट निगेटिव होने के बाद ही किसी को मिलने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन से मुलाकात करने वालों की सूची मिलने के बाद सभी का टेस्ट कराया जाएगा।
डेरापुर सीएचसी और जिला अस्पताल में आरक्षित होंगे बेड
राष्ट्रपति, पीएम, सीएम व राज्यपाल की स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से जिला अस्पताल और डेरापुर सीएचसी में चार बेड आरक्षित किए जाएंगे। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। कानपुर के कॉर्डियोलॉजी को रेफरल सेंटर बनाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति, पीएम, सीएम व राज्यपाल के दौरे को देखते हुए डेरापुर सीएचसी और जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत चार बेड आरक्षित किए गए हैं। फ्लीट से लेकर अस्पताल तक 10 एएलएस, 15 बीएलएस एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। 20 से ज्यादा चिकित्सकों की टीम अस्पताल से लेकर फ्लीट में मौजूद रहेगी।