बच्चों की मौत पर सांत्वना देते भाजयुमो जिलाध्यक्ष परवेश कटियार। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
संदलपुर (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर कला कौरु गांव में बकरी को पानी पिलाने के दौरान एक बालक पैर फिसलने से बंबे में डूबने लगा। यह देख पास में मौजूद साथी उसे बचाने के लिए बंबे में कूद गया। गहराई में डूबने से दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों के शव बाहर निकाले। मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
मिर्जापुर कला कौरु गांव निवासी किसान लाला कटियार का पुत्र शिवा (11) शुक्रवार दोपहर तीन बजे पड़ोसी रामखिलावन का बेटे अंकित (12) के साथ खेत में बकरी चराने गया था। वहां खेतों के पास बंबे में अंकित बकरी को पानी पिलाने लगा।
इस दौरान पैर फिसलने से अंकित बंबे में गिर गया। यह देख शिवा उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। बंबा गहरा होने की वजह से दोनों बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए। राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजनों ने दोनों को बाहर निकाल सीएचसी हवासपुर पहुंचाया। वहां ईएमओ डॉ. दिलीप ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बालकों के शव का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया।
मंगलपुर थानाध्यक्ष एके मिश्रा ने बताया कि सूचना पर सीएचसी पहुंचे थे, वहां परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया था। इस पर शव उन्हें सौंप दिए गए। वहीं, घटना की जानकारी पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष परवेश कटियार ने घर पहुंचकर परिजनों से सांत्वना जताई।