कानपुर देहात। बिकरू कांड के आरोपियों पर लगाए गए गैंगस्टर के मामले में शुक्रवार को सुनवाई पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण नहीं हो सकी। अब सुनवाई के लिए अगली तारीख 22 जुलाई तय की गई है।
बिकरू कांड में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपियों पर चौबेपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इस मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पांच रवि यादव की कोर्ट में चल रही है।
पिछली तिथि पर सभी आरोपियों पर कोर्ट ने आरोप तय कर दिए थे। शुक्रवार को मामले में गवाही होनी थी। विशेष लोक अभियोजक अमर सिंह भदौरिया ने बताया कि कोर्ट के पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण शुक्रवार को मामले की सुनवाई नहीं हो सकी।
अब सुनवाई की तिथि 22 जुलाई तय की गई है। इस दौरान कानपुर नगर कारागार से दयाशंकर कोर्ट में हाजिर हुआ। बाकी आरोपी माती जेल से पेशी पर नहीं लाए गए। उनकी पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई।