रूरा (कानपुर देहात)। प्रेमाधाम कारीकलवारी गांव के पास मौरंग लदे ट्रक का पाइप ठीक करने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से क्लीनर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। इसके बाद सूचना क्लीनर के परिजनों को दी।
आगरा निवासी मायाराम ट्रक चलाता है। उसके साथ ही वहीं के बिनाहर निवासी वीरू (33) क्लीनर था। मायाराम ने पुलिस को बताया कि ट्रक पर आगरा से नमक लादकर कानपुर देहात में रूरा के प्रेमाधाम कारीकलवारी गांव आया था।
यहां व्यापारी के गोदाम के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने ट्रक खड़ा किया। क्लीनर वीरू ट्रक पर चढ़कर तिरपाल खोलने के लिए पाइप ठीक कर रहा था। उसी दौरान पाइप ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने पर वह ट्रक से नीचे आ गिरा।
इस पर वीरू को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद सूचना परिजनों को दी। पिता लालबहादुर ने बताया कि वीरू के परिवार में पत्नी संगीता देवी व तीन बेटियां स्वेता, कृष्णा व रचना हैं। बेटे की मौत से परिवार के लोगों को रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि वीरू के परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।