राजपुर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बालक तालाब में डूब गया। साथी बच्चों के शोर मचाने पर पिता ने बालक को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दिबैर की मड़ैया गांव निवासी विजयशंकर अपनी पत्नी लीलावती के साथ शुक्रवार को गेहूं काटने खेत गया था। उसके साथ बच्चे भी थे। बड़ा बेटा सुंदरलाल (7) गांव के आशिक व नेहरू के साथ खेलते हुए नजदीक स्थित शिवनाथ के तालाब तक पहुंच गया।
इसी बीच सुंदरलाल तालाब में डूब गया। साथ गए बच्चों ने शोर मचाया तो दंपती दौड़कर मौके पर पहुंचे और सुंदरलाल को पानी से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत पर मां बिलख पड़ी। सट्टी थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि तालाब से बच्चे के शव को निकालकर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।