कानपुर देहात। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए राष्ट्रपति के पैतृक गांव परौंख समेत पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनके प्रधानों को विकास कार्य कराने के लिए पुरस्कार की राशि का आवंटन कर ग्राम निधि के खाते में भेजा गया है।
वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत जिले की ग्राम पंचायतों का चयन करके शासन को भेजा गया था।
शुक्रवार को पंचायती राज विभाग की जारी सूची के अनुसार कानपुर देहात की डेरापुर ब्लॉक स्थित राष्ट्रपति के गांव परौंख को पहले पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
अमरौधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत हलधरपुर को द्वितीय, ग्राम पंचायत चांदापुर को तृतीय, मलासा ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुलौली को चौथे व सरवनखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत जैनपुर को पांचवें पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
डीपीआरओ नमिता शरण ने बताया कि पहले से पांचवें स्थान तक चयनित ग्राम पंचायतों को क्रमश: दस, आठ, सात, पांच और चार लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
यह धनराशि शासन से ग्राम निधि के खाते में भेजी गई है। इससे ग्राम पंचायतों में गोशाला मरम्मत, पंचायत भवन निर्माण, जनसुविधा केंद्र की स्थापना, हेल्थ व कोविड टीकाकरण कैंप समेत नौ कार्य कराए जाएंगे।