झींझक। मंगलपुर क्षेत्र के बड़ा सुनाथा गांव में भैंस चराने गया किशोर अचानक गश खाकर गिर पड़ा। परिजन उसे झींझक सीएचसी ले गए, वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बड़ा सुनाथा गांव निवासी कमलेश का पुत्र अनुराग (14) मंगलवार की शाम भैंस चरा रहा था। वहीं पर वह संदिग्ध हालात में गश खा कर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजन उसे झींझक सीएचसी ले गए। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम से इनकार कर शव गांव ले गए।
पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीएचसी के चिकित्सक जेपी सिंह ने बताया कि किशोर अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। निरीक्षक मंगलपुर एसके मिश्र ने बताया कि किसी ने सूचना नहीं दी है।